लखनऊ केसरी से विकास सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। नगर निगम द्वारा मेयर के निर्देश पर आशियाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यावती तृतीय वार्ड में पार्षद प्रतिनिधि सालू सरदार की अवैध गतिविधियों पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अवैध रूप से संचालित ठेलियों को जब्त कर लिया।जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध ठेलियों के माध्यम से कूड़ा उठाने और उससे जुड़े अवैध वसूली के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि कुछ लोग बिना किसी अधिकृत अनुमति के ठेलियों का संचालन कर रहे थे और स्थानीय लोगों से मनमाने ढंग से धन वसूली की जा रही थी। जब इसे नगर निगम की टीम ने कराई से पूछताछ की तो उन्होंने शालू सरदार का नाम लिया नगर निगम को इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान कुल 18 ठेलियां पकड़ी गईं। कार्रवाई के दौरान संबंधित संचालकों से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी ठेलियों को जब्त कर नगर निगम के कब्जे में ले लिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से कूड़ा उठाने और धन वसूली का यह गोरखधंधा काफी समय से संचालित हो रहा था, जिससे नगर निगम की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और नगर निगम के अभियान का स्वागत किया।इस मामले में कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अवैध गतिविधियों के संचालन में कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों की भी भूमिका रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, अनधिकृत कूड़ा संग्रहण अथवा सरकारी नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि नगर निगम की सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लखनऊ केसरी से विकास सिंह की रिपोर्ट



