लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
मोहनलालगंज, लखनऊ। कस्बा स्थित गुप्ता ढाबे पर शनिवार देर रात नशे में धुत कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने पहले ढाबे के वेटरों के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे ढाबा संचालक एवं अधिवक्ता आदित्य गुप्ता पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान ढाबे पर मौजूद ग्राहकों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से ढाबे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जाता है कि बाद में आक्रोशित ग्राहकों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर उपद्रवी युवकों को मौके से खदेड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।



