लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में मेट्रो नेटवर्क के बड़े विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है। निगम द्वारा तैयार किए गए मेगा प्लान के तहत बाराबंकी, मोहनलालगंज और उन्नाव की दिशा में भी मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार अगले 10 वर्षों में 150 से 170 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसमें लगभग 150 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि करीब 20 किलोमीटर सेक्शन भूमिगत बनाया जाएगा।
UPMRC ने इस विस्तार परियोजना के लिए 10 नए कॉरिडोर चिह्नित किए हैं। परियोजना पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। माना जा रहा है कि इस विस्तार से राजधानी और आसपास के जिलों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा लाखों यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
विशेष रूप से बाराबंकी से लखनऊ आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल योजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।



