विनय मिश्रा
मोहनलालगंज, लखनऊ। जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विशेष सहायक उपकरण वितरण शिविर का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। मोहनलालगंज कस्बे स्थित कालेवीर बाबा मंदिर परिसर में आयोजित इस जनकल्याणकारी शिविर के माध्यम से चार सौ से अधिक दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओम प्रकाश शुक्ला एवं ब्लॉक प्रमुख गोसाईगंज विनय वर्मा ‘डिंपल’ उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, सर्वाइकल कॉलर, कमर बेल्ट, छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उपकरण प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि शिविर के आयोजन से पूर्व ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने विकास खंड मोहनलालगंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर दिव्यांग एवं वृद्धजनों का सर्वेक्षण किया था। इसके बाद पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है।कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के लिए संबल का कार्य करते हैं। इससे उनमें नई आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदनशीलता की संस्कृति को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए।शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को ट्रस्ट की ओर से प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्वयंसेवकों के समर्पण और सेवा भाव की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।कार्यक्रम में दोनों दिनों बड़ी संख्या में समाजसेवी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र की ओर से श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत, लिपू दलाई सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।दो दिवसीय यह शिविर सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा। सैकड़ों दिव्यांग एवं वृद्धजनों को मिली सहायता ने न केवल उनके जीवन को सुगम बनाने का कार्य किया, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी नई दिशा प्रदान की।



