लखनऊ केसरी संवाददाता – ओम
41,424 पदों के लिए हुई थी परीक्षा, अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन व फिजिकल टेस्ट की बारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम रविवार दोपहर घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी इस परिणाम में कुल 1.07 लाख अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य में कुल 41,424 पदों को भरने के लिए आयोजित की गई थी।यह लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रदेश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के साथ ही बोर्ड ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल टेस्ट के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है।बोर्ड के अनुसार, रिक्त पदों के सापेक्ष लगभग 2.6 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित हो सके।साथ ही, सभी जिलों की श्रेणीवार कट-ऑफ सूची भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी अपने परिणाम और आगे की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।अब सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा, जिसके बाद फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन इन दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।



