लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी प्रत्येक परियोजना को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। बैठक में एक्सप्रेसवे, औद्योगिक अवसंरचना, ग्रामीण आजीविका, ऊर्जा, स्वास्थ्य, डेटा सेंटर और ईवी चार्जिंग सहित कई प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवनों की फायर एनओसी की वैधता समाप्त होने वाली है, उन्हें समय रहते नोटिस जारी किए जाएं ताकि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो सके।बैठक के दौरान फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए लगभग 85 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावित नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को और तेज करने के निर्देश दिए।प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापना में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने निजी क्षेत्र के निवेश को प्रोत्साहित करने और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।



