विनय मिश्रा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित नए विधायक निवास में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद पूर्व मंत्री एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी (56) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर कोई हादसा। मौके से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारी विधायक निवास के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही जानकारी मिली कि नानकदीन भुर्जी को सिविल अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि कर दी।नानकदीन भुर्जी लंबे समय से भाजपा में पिछड़ा वर्ग की राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे। वह भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री होने के साथ-साथ हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे।उनका जन्म 1 जुलाई 1970 को हुआ था। इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2004 में उन्हें लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का सदस्य नामित किया गया। बाद में दिसंबर 2006 में बसपा सरकार के दौरान उन्हें राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) बनाया गया तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का सलाहकार नियुक्त किया गया।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



