लखनऊ,
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में महिला छात्रावास की एक छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद बुधवार को परिसर में तनाव फैल गया। गुस्साए छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और कुलपति आवास का घेराव कर दिया।
मृतक छात्रा की पहचान अनामिका के रूप में हुई है, जो वाराणसी की रहने वाली बताई जा रही है। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की मेस में परोसे जा रहे खराब भोजन के सेवन से उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर लिया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही आशियाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराने की बात कही गई है। वहीं, छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं, खासकर छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
संवाददाता ओम की रिपोर्ट



