लखनऊ केसरी से मनोज कुमार विश्नोई की रिपोर्ट
मुरादाबाद:जनपद मुरादाबाद के कांठ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, जिससे यात्रियों को आए दिन असुविधा का सामना करना पड़ता है।कांठ क्षेत्र गॉज, बैंडेज और मेडिकल पट्टियों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। यहां निर्मित उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों में भेजे जाते हैं, जिसके चलते व्यापारियों और यात्रियों का आना-जाना लगातार बना रहता है। इसके बावजूद स्टेशन पर सीमित संख्या में ही एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के बाद केवल शाम को ही दो एक्सप्रेस ट्रेनें रुकती हैं, जो बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों के हिसाब से अपर्याप्त हैं। नागरिकों ने कांठ तहसील के बड़े क्षेत्रफल को देखते हुए अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।इसके अलावा, टिकट व्यवस्था भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्टेशन पर केवल एक ही कर्मचारी तैनात है, जो आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट जारी करता है। इससे टिकट लेने में देरी होती है और कई बार आरक्षित सीटें उपलब्ध होने के बावजूद समय पर टिकट न मिल पाने के कारण फुल हो जाती हैं।स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जाए और अलग से आरक्षित टिकट काउंटर की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



