पारिवारिक विवाद में रची गई थी हमले की साजिश, पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी……..
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों में पारिवारिक विवाद के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का सगा भाई भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपाल खेड़ा निवासी श्रीमती पप्पी पत्नी जमुना प्रसाद ने बीते शनिवार को तहरीर देकर बताया था कि उनके पति जमुना प्रसाद पावर ग्रिड खुजेहटा में कार्यरत थे। बीते शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह ड्यूटी से वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि बेलहिया खेड़ा गांव के पास प्राइमरी स्कूल के निकट नाले के पास पहले से घात लगाए बैठे कई लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।हमले में जमुना प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। वही ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के संबंध में मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान हत्या की धारा बढ़ाई गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार शाम गौरिया से पचौरी जाने वाले मोड़ के पास से दो आरोपियों हरदेश पुत्र साहेबदीन और लवकुश पुत्र शिवबालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हरदेश ने बताया कि मृतक उसका सगा भाई था और पूर्व में हुए पारिवारिक विवाद व मारपीट की घटना से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई थी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हरदेश की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनन्द ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
सनी पाण्डेय की रिपोर्ट



