निगोहा में सिरफिरे युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने की उठी आवाज…….
निगोहा।लखनऊ, निगोहा गाँव में एक युवक द्वारा आवारा कुत्ते के साथ बेरहमी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि गांव निवासी बल्लू पुत्र गौरीशंकर ने मंगलवार सुबह एक आवारा कुत्ते को पकड़कर पहले पटक-पटक कर मारा और बाद में चाकू से उसका गला काट दिया। इतना ही नहीं, घटना के बाद कुत्ते की खाल उधेड़ते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।घटना की जानकारी होने पर निगोहा क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की क्रूर मानसिकता समाज के लिए बेहद खतरनाक है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते ऐसे विकृत मानसिकता वाले व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में वह किसी बच्चे या व्यक्ति के साथ भी गंभीर घटना को अंजाम दे सकता है।ग्रामीणों द्वारा दी गई तहरीर में आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। तहरीर देने वालों में विकास, विवेक कुमार, सनी कश्यप, उमेश, रोहित कश्यप और राम किशन समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।मामले को लेकर क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।निगोहा थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



