लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट
लखनऊ। चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड की जांच में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। STF ने मामले के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा गया l
गौरतलब है कि 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान STF ने पहले ही कथित मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।गिरफ्तार गंगाराम यादव मूल रूप से अम्बेडकरनगर जनपद का निवासी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए शूटरों की व्यवस्था कराने में सहयोग करने की बात कबूल की है।
STF के अनुसार, गंगाराम ने यह सहायता आरोपी दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर उपलब्ध कराई थी। जांच एजेंसियां अब उससे मिली जानकारी के आधार पर फरार आरोपियों और साजिश के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।



