लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। रायबरेली रोड स्थित एल्डेको क्षेत्र में ऐनेकसी प्लाजा डेंटल हॉस्पिटल के सामने पिछले वर्ष बिछाई गई नई सीवर लाइन महज एक वर्ष के भीतर ही ध्वस्त हो गई है। लाइन के ओवरफ्लो होने से पिछले करीब 15 दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नई सीवर लाइन बिछाए जाने के बाद क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी थी, लेकिन एक वर्ष के भीतर ही लाइन के ओवरफ्लो होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

उनका आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा कराए गए कार्य की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण में गंभीर लापरवाही बरती गई है।सड़क पर लगातार बह रहे सीवर के गंदे पानी से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। दुर्गंध और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं, मुख्य मार्ग पर पानी भरने से राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और हॉस्पिटल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों के अनुसार, समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने नगर निगम तथा जलकल विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत कराने और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।



