पांचों तहसीलों में कुल 640 शिकायतें प्राप्त, 139 मामलों का मौके पर निस्तारणलखनऊ, 02 मई 2026। जनपद लखनऊ की पांचों तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सरोजनीनगर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण विधिक प्रक्रिया के तहत समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाए।तहसील सरोजनीनगर में कुल 165 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 56 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।वहीं जनपद की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित किए गए। तहसील सदर में 41 में से 4, मलिहाबाद में 96 में से 8, बीकेटी में 126 में से 29 तथा मोहनलालगंज में 212 में से 42 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर किया गया। इस प्रकार जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 640 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 139 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।समाधान दिवस में पुलिस से संबंधित 81, राजस्व विभाग के 331, विकास के 47, शिक्षा के 5, स्वास्थ्य के 3, समाज कल्याण के 14, नगर निगम के 6 तथा अन्य विभागों के 150 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों के निस्तारण के लिए समय सीमा तय की गई है, उनका निस्तारण निर्धारित अवधि में करते हुए फोटो एवं वीडियो सहित आख्या प्रस्तुत की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए गए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, अपर जिलाधिकारी ट्रांस गोमती राजकुमार मित्तल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्वेता, अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय सतीश चंद्र त्रिपाठी, तहसीलदार सरोजनीनगर सुखवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट



