
मुरादाबाद। जिले के कांठ तहसील क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए का आतंक देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में तेंदुए द्वारा लगातार हमले किए जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने अलग-अलग स्थानों पर पांच बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ अचानक खेतों और गांव के आसपास पहुंचकर छोटे बच्चों को निशाना बना रहा है। कई मामलों में बच्चों को उठाकर ले जाने की भी कोशिश की गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ खेतों और गांव के किनारों पर घूमता देखा जा रहा है, जिससे लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर भेजने में डर रहे हैं। शाम होते ही गांवों में सन्नाटा छा जाता है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।अब तक पांच बच्चे तेंदुए के हमले का शिकार हो चुके हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।वन विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है, लेकिन अब तक तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपने स्तर पर सतर्कता बरत रहे हैं।
मुरादाबाद : मनोज़ कुमार विश्नोई की रिपोर्ट



