संवाददाता लखनऊ केसरी
लखनऊ: यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता जौनपुर से दिल्ली जा रही थी, इसी दौरान लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर उसके एक परिचित युवक ने उसे उतार लिया और अपने साथ ले गया।आरोप है कि युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद तीन युवकों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि यह वारदात एक दिन नहीं, बल्कि तीन दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर दोहराई गई।होश में आने के बाद पीड़िता किसी तरह दिल्ली पहुंची और आनंद विहार थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लखनऊ पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लखनऊ में भी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस के अनुसार, शिवम और शनि यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं, जो लखनऊ से लेकर जौनपुर तक संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद आमजन में आक्रोश है और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।



