मनोज विश्नोई: संवाददाता लखनऊ केसरी
मुरादाबाद- जिले में भीषण गर्मी के चलते बिजली की खपत तेजी से बढ़कर करीब 650 मेगावाट तक पहुंच गई है। जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली की मांग में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
हालांकि बिजली विभाग द्वारा 24 घंटे आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। वर्तमान में विभाग के पास केवल लगभग 400 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध है, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है।
स्थिति को संभालने के लिए विभाग द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में कटौती कर खपत को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। इसके बावजूद शहरी क्षेत्रों में औसतन 18 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां उपभोक्ताओं को मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली संकट को लेकर आम जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है, जबकि विभाग का कहना है कि मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



