लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए अब आवेदकों को परीक्षा देने हेतु ट्रांसपोर्ट नगर और देवा रोड स्थित आरटीओ कार्यालयों के बजाय बंथरा जाना होगा। परिवहन विभाग ने बंथरा में तैयार किए गए लखनऊ के पहले चालक प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (डीटीटीआई) को संचालन की अनुमति दे दी है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद केंद्र में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके संचालन की जिम्मेदारी बरेली की एक एजेंसी को सौंपी गई है।लर्नर लाइसेंस की प्रक्रिया ऑनलाइनलर्नर ड्राइविंग लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया पहले से ही ऑनलाइन है। आवेदक घर बैठे आवेदन कर प्रशिक्षु (लर्नर) लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में आरटीओ की प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होती। वाहन चलाने का पर्याप्त प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद आवेदक को स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करना होता है। अब तक इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर और देवा रोड स्थित एआरटीओ कार्यालयों में बायोमेट्रिक सत्यापन, दस्तावेज जांच और ड्राइविंग परीक्षा देनी पड़ती थी। परीक्षा में सफल होने पर ही स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाता था।डीटीटीआई संभालेगा ड्राइविंग परीक्षणपरिवहन विभाग ने अब ड्राइविंग परीक्षण की जिम्मेदारी डीटीटीआई को सौंप दी है। प्रदेशभर में ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। लखनऊ में कुल चार डीटीटीआई केंद्र प्रस्तावित हैं, जिनमें बंथरा स्थित पहला केंद्र तैयार हो चुका है और उसे संचालन की अनुमति भी मिल गई है।एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार, डीटीटीआई को अनुमति प्रदान कर दी गई है। एजेंसी द्वारा कार्ययोजना, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा अन्य आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद उसका आईडी और पासवर्ड जारी किया जाएगा। इसके पश्चात बंथरा स्थित चालक परीक्षण केंद्र में लाइसेंस परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।आरआई की निगरानी में होगी परीक्षाडीटीटीआई में आयोजित ड्राइविंग परीक्षण के दौरान रोड इंस्पेक्टर (आरआई) निगरानी करेंगे। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी, जिसकी प्रति आरटीओ कार्यालय को भेजी जाएगी। सभी मानकों पर सफल पाए जाने के बाद ही आवेदक को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।



