लखनऊ केसरी से मुकुल सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। गोसाईगंज ब्लॉक क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या से अब स्थानीय जनता को राहत मिल गई है। ब्लॉक प्रमुख संघ के लखनऊ जिला अध्यक्ष विनय वर्मा ‘डिंपल’ के अथक प्रयासों से यहां सीमेंटेड सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।बताया जा रहा है कि इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। ऐसे में क्षेत्रवासियों की इस प्रमुख समस्या को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया गया।प्रमुख विनय वर्मा ‘डिंपल’ की अगुवाई में निर्मित इस सड़क के बन जाने से अब आवागमन सुगम हो गया है और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में सड़क का विधिवत शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे ही विकास कार्य होते रहेंगे।



