लखनऊ केसरी से प्रवेश सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। काकोरी और दुबग्गा क्षेत्रों में करीब 50 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही 10 अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।काकोरी क्षेत्र में प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के नेतृत्व में बरकटाबाद गांव में छापेमारी की। यहां लगभग 35 बीघा भूमि पर धनंजय तिवारी, उदय यादव समेत अन्य द्वारा अवैध रूप से बसाई जा रही 6 कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों और बाउंड्रीवॉल को जेसीबी से गिरा दिया गया।वहीं दुबग्गा क्षेत्र में प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में मौरा, बरावन कला, शेखपुरवा और हलवापुर गांवों में कार्रवाई की। यहां करीब 15 बीघा जमीन पर राधेश्याम, फकरूद्दीन और मोहम्मद नदीम सहित अन्य द्वारा विकसित की जा रही 4 अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।एलडीए अधिकारियों के अनुसार, ये सभी कॉलोनियां बिना स्वीकृत मानचित्र और ले-आउट के विकसित की जा रही थीं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार के विरोध या अव्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति के निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले एलडीए से उसके स्वीकृत मानचित्र और वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



