लखनऊ केसरी से मनोज कुमार विश्नोई की रिपोर्ट
मुरादाबाद, 11 जून। आगामी अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री भोले भंडारी सेवा मंडल द्वारा आवश्यक सामग्री एवं राहत संसाधनों को गुरुवार शाम रवाना किया गया। समिति की ओर से लगभग पांच ट्रकों में भंडारे की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सामग्री भेजी गई।गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री भोले भंडारी सेवा मंडल प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कश्मीर के रेलपथरी एवं बालटाल आधार शिविरों में सेवा शिविर एवं भंडारे का संचालन करेगा।इस अवसर पर समिति के महंत श्री विनोद अग्रवाल ने बताया कि संस्था वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की सेवा में समर्पित है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भोजन, राहत सामग्री तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यापक व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में आज मुरादाबाद से सामग्री रवाना की गई है।उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से उनकी यात्रा को सुगम बनाना है। समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामग्री रवाना होने से पूर्व विधिवत पूजन कर सफल यात्रा एवं सेवा कार्यों की कामना की।



