आकाश दीप अवस्थी – लखनऊ केसरी
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की प्रदेश स्तरीय अहम बैठक रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो मायावती ने की, जिसमें उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट के पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में मायावती ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि बीएसपी की नीतियों और विचारधारा के आधार पर जनाधार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसे और विस्तार देने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों से आई रिपोर्ट्स की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनावी चुनौतियां लगातार बदल रही हैं, इसलिए पार्टी को हर स्तर पर सतर्क और सक्रिय रहना होगा। प्रत्याशी चयन को लेकर भी उन्होंने खास जोर दिया और निर्देश दिया कि केवल मजबूत, ईमानदार और जन-उपयोगी उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाए।
मायावती ने देश और प्रदेश के मौजूदा सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक हालात को “काफी कड़वे और चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए आत्म-सम्मान के साथ जीवन जीना मुश्किल होता जा रहा है। उनका आरोप था कि पूंजीपतियों के पक्ष में झुकी नीतियों के कारण गरीब, किसान और मध्यम वर्ग प्रभावित हो रहा है, जबकि सरकारें अपनी कल्याणकारी जिम्मेदारियों से पीछे हट रही हैं।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों को नसीहत देते हुए कहा कि उनका ध्यान जनहित, रोजी-रोटी, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे मूल मुद्दों पर होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने विपक्षी दलों की “संकीर्ण और स्वार्थी राजनीति” से बचने की अपील की और कहा कि ऐसी राजनीति लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है।
मायावती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीएसपी के पक्ष में माहौल बन रहा है और जनता एक बार फिर पार्टी पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में पांचवीं बार सरकार बनाना है और इसके लिए संगठन को हर स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को और तेज किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। मायावती ने विश्वास जताया कि बीएसपी अपने मिशन में सफल होगी और प्रदेश में एक बार फिर “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की नीति पर आधारित सरकार बनेगी।



