लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट
लखनऊ के लालबाग स्थित नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त की मौजूदगी में ललित तिवारी ने पार्षद पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह मेयर चैंबर में आयोजित किया गया, जबकि पहले कार्यक्रम राजकुमार हॉल में प्रस्तावित था।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद ललित तिवारी को पार्षद घोषित किया गया। उन्होंने निकाय चुनाव-2023 में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी पर हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाते हुए अदालत का रुख किया था। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने प्रदीप कुमार शुक्ला का निर्वाचन रद्द कर दिया।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद ललित तिवारी को पार्षद पद की शपथ दिलाई गई। इस दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल के वित्तीय (फ्रीज) अधिकार भी पूर्ववत बहाल कर दिए गए।
शपथ समारोह में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद नगर निगम परिसर के बाहर समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। “ललित तिवारी जिंदाबाद” और “ललित तिवारी सब पर भारी” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।



