मुरादाबाद : लखनऊ केसरी से मनोज कुमार विश्नोई की रिपोर्ट
मुरादाबाद जनपद की कांठ तहसील में नया रोडवेज बस स्टैंड बनने के बावजूद सरकारी बसें आज भी सड़क पर ही खड़ी होकर सवारियों को चढ़ाने और उतारने का कार्य कर रही हैं। इसके कारण दोनों ओर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।स्थिति यह है कि कई बार रोडवेज बस चालकों के चालान भी काटे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी सुधार देखने को नहीं मिल रहा। यातायात कर्मियों द्वारा दो-तीन दिन तक सख्ती करने पर बसें अपने निर्धारित स्थान पर खड़ी होती हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही हालात बन जाते हैं।सड़क पर बसों के खड़े होने से राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को रोजाना घंटों जाम में फंसना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान दे और बसों का संचालन केवल नए बस स्टैंड से सुनिश्चित कराया जाए, तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।



