भीषण गर्मी को लेकर ग्रीष्मकालीन अवकाश में आगे की रणनीति पर फिर होगी बैठक…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज बार एसोसिएशन की मंगलवार को बार भवन में आयोजित आवश्यक बैठक में अधिवक्ताओं की सामूहिक हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महामंत्री राम लखन यादव एडवोकेट द्वारा किया गया।बैठक में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 26 मई तक जारी सामूहिक अवकाश को समाप्त किया जाता है। इसके तहत अब सभी अधिवक्ता 27 मई 2026 से नियमित रूप से न्यायालयों में उपस्थित होकर न्यायिक कार्य संपादित करेंगे।बैठक में यह भी कहा गया कि न्यायालयों में प्रस्तावित ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और तपती धूप को देखते हुए अधिवक्ताओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनज़र आगे की रणनीति तय करने के लिए पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। उस बैठक में परिस्थितियों के अनुसार आगामी निर्णय लिया जाएगा।बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, न्यायिक तहसीलदार सहित संबंधित न्यायालयों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है, ताकि न्यायिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और सभी ने न्यायिक कार्य को पुनः प्रारंभ करने के निर्णय का समर्थन किया।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



