
हापुड़। थाना बाबूगढ़ पुलिस ने करीब आठ दिन पूर्व ग्राम गोहरा आलमगीरपुर में हुए जानलेवा फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गंगा एक्सप्रेसवे स्थित गोहरा कट के पास से दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम जैतपुर (शेखपुर), थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़, विनीत पुत्र सत्यप्रकाश शर्मा निवासी ग्राम सेहरा थाना बीबीनगर जनपद बुलंदशहर, मुकेश पुत्र योगेंद्र उर्फ गिंदर सिंह निवासी ग्राम खैरपुर थाना पिलखुवा जनपद हापुड़ तथा नरेश पुत्र मीर सिंह निवासी ग्राम सिकंदरपुर काकौड़ी थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
पैसों के विवाद में की थी फायरिंग
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते सब्जी विक्रेता पर जानलेवा फायरिंग की थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
हथियार व वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस (.315 बोर) तथा घटना में प्रयुक्त थार कार (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 17 एसी 5641) बरामद की है।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनुज के खिलाफ थाना बाबूगढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मुकेश पर थाना पिलखुवा में एक गंभीर मामला दर्ज है, जबकि नरेश के खिलाफ थाना बाबूगढ़ में तीन संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



