*निगोहां, लखनऊ* भीषण गर्मी के चलते जहां इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, वहीं निगोहा क्षेत्र के सैदापुर गांव निवासी अधिवक्ता ओम प्रकाश ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सराहनीय पहल की है। उन्होंने गांव के कुंवर गढ़ी स्थित सूखे तालाब में जानवरों के नहाने और पीने के लिए पानी भरवाया।
जानकारी के अनुसार, गांव में अधिकांश तालाब सूख चुके हैं, जिससे आवारा पशुओं के सामने पानी का संकट गहरा गया था। इस समस्या को देखते हुए ओम प्रकाश ने किराए के सबमर्सिबल पंप की मदद से तालाब में पानी भरवाने का निर्णय लिया। इसके लिए गांव के ही पंकज मिश्रा के सबमर्सिबल से पाइप लाइन बिछाकर तालाब को पानी से भर दिया गया।ओम प्रकाश ने बताया कि जब पंकज मिश्रा को किराया देने की बात आई तो उन्होंने मात्र 1500 रुपये ही लिए और शेष राशि लेने से इनकार करते हुए इस पुण्य कार्य में सहयोग की भावना जताई। इस प्रकार पंकज मिश्रा भी इस नेक पहल का हिस्सा बन गए।उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी वह गर्मी के मौसम में जानवरों की सुविधा के लिए तालाबों में पानी भरवाते रहे हैं और आगे भी इस कार्य को जारी रखेंगे।ओम प्रकाश की इस पहल की गांव में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी उनकी इस पहल को लोग साझा कर रहे हैं और जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



