मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय में गुरुवार को सर्वर ठप होने के चलते रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कार्यालय में रजिस्ट्री कराने वालों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और उमस के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे घंटों तक लाइन में खड़े रहने को मजबूर नजर आए।जानकारी के अनुसार, सुबह से ही सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते रजिस्ट्री संबंधी कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोग अपने जरूरी कार्यों को लेकर कार्यालय के चक्कर लगाते रहे। कई लोगों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।अधिवक्ताओं ने भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि आए दिन सर्वर की समस्या के कारण काम प्रभावित होता है, जिससे आम जनता के साथ-साथ अधिवक्ताओं को भी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने और वैकल्पिक तकनीकी इंतजाम करने की मांग की है।कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था का माहौल बना रहा। गर्मी से परेशान कई महिलाएं और बुजुर्ग छांव की तलाश करते दिखाई दिए। कुछ लोग पेड़ों के नीचे बैठकर सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे।इस संबंध में कार्यालय कर्मियों का कहना है कि तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है और सर्वर ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि देर शाम तक कार्य पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था, जिससे कई लोगों को बिना रजिस्ट्री कराए वापस लौटना पड़ा।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



