विनय मिश्रा
पीजीआई।लखनऊ, पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब वह अपने ऑफिस के बाहर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।मूल रूप से जौनपुर निवासी संदीप सिंह अपने परिवार के साथ कालिंदी पार्क के पास रहते थे। उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑफिस खोला था। बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ ऑफिस पहुंचे थे। बताया गया कि जैसे ही वह कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़े, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाश वहां पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए था, जबकि पीछे बैठे हमलावर ने सफेद गमछे से चेहरा ढंक रखा था। एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर पहले से खड़ा था, जबकि दूसरा दौड़कर आया और संदीप सिंह पर बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपाचे बाइक से मौके से फरार हो गए।पुलिस को घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की करीब 50 सेकंड की फुटेज मिली है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि संदीप सिंह मोबाइल पर बात करते हुए आगे बढ़ रहे हैं, तभी सफेद शर्ट और नीली जींस पहने बदमाश उनके करीब पहुंचता है और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगता है। पहली गोली लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़ते हैं, लेकिन इसके बाद भी हमलावर लगातार फायरिंग करता रहता है। बताया जा रहा है कि आखिरी गोली सिर के पास मारी गई। पुलिस इस वारदात को पेशेवर तरीके से अंजाम दिया जाना मान रही है।घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईंगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने ऑफिस कर्मचारियों और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। मृतक संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह, बेटा सार्थक सिंह और बेटी सीवी सिंह हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक संदीप सिंह का व्यवहार बेहद मिलनसार था और उनकी तीन प्रोजेक्ट साइटें मोहनलालगंज व कानपुर रोड क्षेत्र में चल रही थीं।डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो युवक घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।



