लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट
उन्नाव:लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पहले रेलिंग से टकराई और फिर पलट गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद बताया जा रहा है।हादसे के दौरान कई यात्री बस से बाहर गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित करता है।



