विनय मिश्रा
मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कस्बे से निगोहां जाते समय एक बुजुर्ग महिला का जेवरात व नकदी से भरा बैग ऑटो में छूट गया। पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी से महिला को उनका बैग सकुशल वापस मिल गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस कर्मियों और चालक का आभार व्यक्त किया।जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के ग्राम पाली मजरा सासनी साली निवासी मुन्नी मिश्रा पत्नी स्वर्गीय विजय मिश्रा अपनी नातिन व्याख्या मिश्रा के साथ ऑटो से निगोहां जा रही थीं। यात्रा के दौरान जल्दबाजी में उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में जेवरात, नकदी एवं कपड़े रखे हुए थे। घर पहुंचने पर बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।उधर ऑटो चालक आशीष अवस्थी पुत्र स्वर्गीय पुरुषोत्तम अवस्थी निवासी इसिया थाना बछरावां जनपद रायबरेली को ऑटो में बैग मिला। चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सुरक्षित रखा और तुरंत मोहनलालगंज कस्बा चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।मामले में कस्बा इंचार्ज अतुल सिंह एवं पुलिस कर्मी विकास जायसवाल ने सक्रियता दिखाते हुए बैग के मालिक की जानकारी जुटाई और बुजुर्ग महिला को चौकी बुलाकर उनका बैग सकुशल वापस सौंप दिया।अपना बैग वापस मिलने पर मुन्नी मिश्रा भावुक हो गईं। उन्होंने ऑटो चालक आशीष अवस्थी की ईमानदारी तथा कस्बा इंचार्ज अतुल सिंह व पुलिस कर्मी विकास जायसवाल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और ऑटो चालक की ईमानदारी की चर्चा बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक मिसाल बताया।



