जेसीबी से खुदाई कर डंपरों से मिट्टी ढुलाई का आरोप, एसडीएम बोले— शिकायत मिलने पर कराई जाएगी जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई…….
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के हरिहरपुर पटसा और अमलिहा खेड़ा गांव के बीच स्थित सरकारी भूमि पर पिछले पांच दिनों से कथित रूप से अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति के जेसीबी मशीनों से सरकारी भूमि की बड़े पैमाने पर खुदाई कर दर्जनों डंपरों के माध्यम से मिट्टी अन्य स्थानों पर भेजी जा रही है। लगातार कई दिनों से चल रही इस गतिविधि के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।ग्रामीणों के अनुसार सरकारी भूमि पर दिन-रात जेसीबी मशीनें चल रही हैं। खनन के चलते कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में ये गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। उनका आरोप है कि खनन माफिया बेखौफ होकर सरकारी भूमि से मिट्टी निकाल रहे हैं और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से खनन करने वालों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी भूमि से अवैध रूप से मिट्टी निकाले जाने से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी भूमि पर चल रहे कथित अवैध खनन को तत्काल बंद कराने तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी मांग उठाई है कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाए।पांच दिनों से अवैध खनन चल रहा था इस खनन को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी भूमि का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो सकता है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।मोहनलालगंज एसडीएम पवन पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति के खनन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



