लखनऊ केसरी संवाददाता- ओम
लखनऊ/नई दिल्ली, मंगलवार:
राजधानी लखनऊ के लिए गर्व का क्षण है। शहर के दो प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. केके ठकराल को चिकित्सा क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए आज नई दिल्ली में पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दोनों डॉक्टरों को यह सम्मान प्रदान करेंगी।
गौरतलब है कि इन दोनों नामों की घोषणा इस वर्ष 26 जनवरी को पद्म पुरस्कारों की सूची में की गई थी। चिकित्सा सेवाओं में इनके लंबे अनुभव, समर्पण और समाज के प्रति योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार ने इन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान के लिए चुना है।
वहीं, लखनऊ के वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. अनिल रस्तोगी को भी कला एवं रंगमंच के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. रस्तोगी को यह सम्मान पद्म पुरस्कारों के दूसरे चरण में प्रदान किया जाएगा।
शहर के बुद्धिजीवियों, चिकित्सा समुदाय और कला जगत में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे लखनऊ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी सम्मानित हस्तियों को बधाई दी है।



