लखनऊ केसरी से मनोज कुमार विश्नोई की खास रिपोर्ट
पश्चिम उत्तर प्रदेश के मजबूत जाट नेता के रूप में उभरे भूपेंद्र सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री बनने पर मुरादाबाद में जश्न भूपेंद्र सिंह चौधरी मुरादाबाद जिले की कांठ तहसील के गांव महेंद्री सिकंदरपुर के निवासी हैं और उन्हें पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली जाट नेताओं में गिना जाता है। उन्होंने वर्ष 1991 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा और लगातार संगठन तथा पार्टी के लिए कार्य करते रहे।वर्ष 1999 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ मैदान में उतारा था, हालांकि वह चुनाव जीत नहीं सके। इसके बाद वर्ष 2009 में उन्होंने मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा, लेकिन वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।लगातार संगठन में सक्रिय रहने के चलते पार्टी ने उन्हें क्षेत्रीय मंत्री और बाद में क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। वर्ष 2016 में उन्हें विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2017 में वे पहले राज्य मंत्री और फिर स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री बने। अब भाजपा ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाकर पश्चिम उत्तर प्रदेश के जाट समाज को मजबूत संदेश देने का प्रयास किया है।कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की खबर के बाद मुरादाबाद में कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने जोरदार खुशी मनाई। शहर में जगह-जगह जश्न का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुरादाबाद सीट से विधायक रितेश गुप्ता सहित कई राजनीतिक हस्तियां लखनऊ पहुंचीं और भूपेंद्र सिंह चौधरी को शुभकामनाएं प्रेषित की l



