लखनऊ केसरी से आकाशदीप अवस्थी की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र स्थित निशातगंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना में 32 वर्षीय वेल्डिंग कारीगर अजाउर रहमान उर्फ लल्ला की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले व्यापारी अनील सिंह अपनी कार पार्क कर रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पास खड़े अजाउर रहमान को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार उनके ऊपर से गुजर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार ने दो महीने पहले ही एक अन्य बेटे को खोया था, ऐसे में यह हादसा उनके लिए बेहद दुखद है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



