आकाश दीप अवस्थी- लखनऊ केसरी
प्रॉपर्टी विवाद में 5 लाख रुपये देकर भाड़े के शूटरों से कराई गई थी हत्या, फरार आरोपियों की तलाश जारी
लखनऊ: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य शूटर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, संदीप सिंह और दिनेश यादव के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच कई मुकदमे भी दर्ज थे। लगातार चल रहे विवाद और कानूनी कार्रवाई से परेशान होकर दिनेश यादव ने संदीप सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जांच में सामने आया है कि दिनेश यादव ने करीब पांच लाख रुपये में भाड़े के शूटरों को हत्या की सुपारी दी थी। योजना के तहत शूटरों ने मौका पाकर संदीप सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से साजिशकर्ता तक पहुंच बनाते हुए दिनेश यादव और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार शूटरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



