आकाश दीप अवस्थी – लखनऊ केसरी
लखनऊ- राजधानी में देर रात करीब 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ आई धूल भरी आंधी ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। आंधी की रफ्तार लगभग 80-90 किमी/घंटा रही, सो रहे लोग तेज आंधी और शोर के कारण जाग गए और कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। जगह-जगह होर्डिंग्स और टिन शेड उड़ने की खबरें सामने आई हैं। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अचानक बदले मौसम के चलते सड़कों और बाजारों में भी असर देखने को मिला। हालांकि घटना देर रात की होने के कारण अधिकतर लोग घरों में ही रहे, फिर भी कई स्थानों पर लोग हालात जानने के लिए बाहर निकलते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते हुआ है। विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक मौसम के इसी तरह अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
प्रशासन ने भी नागरिकों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों को सूचना देने की अपील की है। फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



