लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर थाना क्षेत्र स्थित पत्रकारपुरम चौराहे के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मनीष ईटिंग प्वाइंट पर विवाद के दौरान गोली चल गई। घटना में अखिलेश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी कमर में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत चाकूबाजी की घटना से हुई थी।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपित युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही गोमती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।फायरिंग की घटना से नाराज स्थानीय युवकों और लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



