आकाश दीप अवस्थी- लखनऊ केसरी
लखनऊ: रहीमाबाद थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत मुडियाड़ के देवी खेड़ा स्थित मछली तालाब के पीछे रात के समय बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात से सुबह तक बिना नंबर प्लेट के कई ट्रैक्टर-ट्रालियां मिट्टी लादकर क्षेत्र से गुजरती देखी गईं। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों और दो लोडर मशीनों के जरिए मिट्टी निकालकर आसपास के इलाकों में बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते खनन माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं। खनन विभाग पर भी लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खनन इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार पाटिल क्षेत्र में सक्रिय निगरानी नहीं करते, जिससे अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं।
वहीं, कुछ ग्रामीणों ने थाना रहीमाबाद में तैनात सिपाही प्रेम नारायण पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अवैध खनन के चलते सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



