विनय मिश्रा
मोहनलालगंज, लखनऊ।भारत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण में निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग को लेकर रविवार शाम मोहनलालगंज में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। निगोहां प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस मार्च में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, युवाओं तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर न्याय की मांग को बुलंद किया।कैंडल मार्च का शुभारंभ शाम करीब 6:30 बजे कालेवीर बाबा मंदिर परिसर से किया गया। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े संदेश लिए प्रतिभागी काशीश्वर मंदिर चौराहे तक पहुंचे और पुनः कालेवीर बाबा मंदिर गेट पर आकर मार्च का समापन हुआ। लगभग 750 मीटर की इस यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा।मार्च में शामिल लोगों ने भारत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और मामले के सभी तथ्यों को सार्वजनिक किए जाने की मांग की। प्रतिभागियों का कहना था कि किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।निगोहां प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कैंडल मार्च किसी व्यक्ति, संस्था अथवा विभाग के विरोध में नहीं, बल्कि न्याय और सच्चाई की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति या परिवार को न्याय नहीं मिलता है तो समाज में विश्वास कमजोर होता है, इसलिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।कैंडल मार्च में क्षेत्र के कई पत्रकार, समाजसेवी, युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने न्याय की उम्मीद व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।



