मोहनलालगंज समेत निगोहा क्षेत्र में पूरी रात गुल रही बिजली, पानी के लिए तरसे लोग, इनवर्टर भी हुए फेल……
मोहनलालगंज, लखनऊ। गुरुवार देर रात आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने मोहनलालगंज क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा दी। निगोहां, मोहनलालगंज व आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से करीब डेढ़ लाख की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में करीब आठ घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों की रात अंधेरे और उमस में कटी।तेज हवाओं और बारिश के चलते हाईटेंशन लाइनों में बार-बार ब्रेकडाउन हुआ, जिससे निगोहां सबस्टेशन सहित कई फीडरों की सप्लाई बाधित हो गई। रात भर बिजली न आने से लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जीना मुहाल हो गया। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ी। नवजात बच्चों वाले परिवार पूरी रात परेशान रहे। कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई भी बाधित रही, जिससे लोग पेयजल के लिए तरसते नजर आए।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली की लगातार आवाजाही बनी हुई है। बार-बार ट्रिपिंग और फाल्ट की समस्या के कारण उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही सप्लाई ठप हो जाती है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।शुक्रवार सुबह होते ही अवर अभियंता आशीष अपनी टीम और लेसा कर्मियों के साथ पेट्रोलिंग एवं मरम्मत कार्य में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब आठ बजे निगोहां फीडर की आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद अन्य फीडरों की लाइनों की जांच और मरम्मत का कार्य दिनभर चलता रहा। देर शाम तक सभी फीडरों की सप्लाई सामान्य हो सकी।अवर अभियंता आशीष ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पुराहिया फीडर की लाइन के केबिल में खराबी थी, जिसके चलते निगोहां फीडर से अतिरिक्त लोड देकर आपूर्ति की जा रही थी। शुक्रवार को पुराहिया फीडर की केबिल को दुरुस्त कर सप्लाई सामान्य कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान के दौरान कहीं भी बिजली के पोल नहीं टूटे, लेकिन तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर लाइनें ब्रेकडाउन हो गई थीं। पेट्रोलिंग कर सभी लाइनों को ठीक कराया गया, जिसके बाद सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



