लखनऊ के स्टेशन मुकुल सिंह की रिपोर्ट
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी महंगाई का झटका लगा है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद राजधानी में सीएनजी का दाम बढ़कर ₹83.09 प्रति किलो हो गया है।पिछले 12 दिनों में यह चौथी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इसी अवधि में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी चार बार इजाफा हो चुका है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।तेल कंपनियों ने हाल ही में पेट्रोल की कीमत में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹100 प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत भी ₹95.20 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।जानकारों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े संकट के कारण तेल-गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।अगर हालिया बढ़ोतरी पर नजर डालें तो पिछले 12 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम ₹7 प्रति लीटर से अधिक बढ़ चुके हैं, जबकि सीएनजी की कीमत में कुल ₹6 प्रति किलो का इजाफा हुआ है।लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने परिवहन लागत बढ़ाने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की दैनिक जरूरतों को भी महंगा कर दिया है, जिससे महंगाई का दबाव और गहरा गया है।



