कानपुर : लखनऊ केसरी से अतुल अग्रवाल की रिपोर्ट
कानपुर:शहर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें कारोबार से जोड़ने के उद्देश्य से कानपुर में पहली बार एक आधुनिक ‘महिला बाजार’ विकसित किया जाएगा। स्वरूप नगर इलाके में प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब ₹190 करोड़ खर्च किए जाएंगे।इस योजना को लेकर नगर निगम और (केडीए) ने तैयारी शुरू कर दी है। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन के अनुसार, यह बाजार महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। योजना को केंद्र और राज्य सरकार की अर्बन चैलेंज फंड स्कीम के तहत पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें 25-25 प्रतिशत हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार का तथा शेष 50 प्रतिशत नगर निगम द्वारा वहन किया जाएगा।केडीए की भूमि पर बनने वाले इस बाजार में महिलाओं के लिए विशेष रूप से दुकानें, शोरूम, फूड कोर्ट और स्वयं सहायता समूह (SHG) के उत्पादों की बिक्री के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य घरेलू स्तर तक सीमित महिलाओं के हुनर को बाजार तक पहुंचाना है।यह बाजार आधुनिक सुविधाओं से लैस कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और डिजिटल सुविधाएं शामिल होंगी। महिलाओं और परिवारों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि शहर में व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, योजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है।



