विनय मिश्रा
मोहनलालगंज। थाना मोहनलालगंज पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक लावारिस बैग उसके वास्तविक स्वामियों को सुरक्षित वापस कर दिया गया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में पुलिस को एक लावारिस बैग मिला। सुरक्षा के मद्देनजर उपनिरीक्षक अनुज गुप्ता ने बैग की गहन जांच की। तलाशी के दौरान बैग से हाईस्कूल से लेकर ग्रेजुएशन तक की मार्कशीट, एक मोबाइल फोन तथा इयरबड्स बरामद हुए।दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने बैग स्वामियों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क किया। पूछताछ में पता चला कि बैग गरिमा सिंह पुत्री कौशल किशोर सिंह एवं यश प्रताप सिंह पुत्र कौशल किशोर सिंह निवासी समथर, थाना समथर, जनपद झांसी का है। दोनों अभ्यर्थी काशीश्वर इंटर कॉलेज मोहनलालगंज में यूपीएससी परीक्षा देने आए थे और जल्दबाजी में उनका बैग रास्ते में गिर गया था।सूचना मिलने पर यश प्रताप सिंह एवं उनके पिता कौशल किशोर सिंह थाना मोहनलालगंज पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने सुरक्षित बैग उनके सुपुर्द कर दिया।बैग वापस मिलने पर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों ने मोहनलालगंज पुलिस का आभार जताया। पुलिस की इस कार्यवाही ने आमजन के प्रति उसकी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सजगता का परिचय दिया है।



