लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी के बख्शी का तालाब स्थित नीलांश वाटर पार्क से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ दबंग महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती रहीं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली पुलिस और प्रशासन उस समय कहाँ सो रहे थे जब खुलेआम महिलाओं के साथ मारपीट हो रही थी?सूत्रों के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया। वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित है। अगर परिवार और महिलाएं मनोरंजन स्थलों पर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर आम जनता भरोसा किस पर करे?स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे दबंगों के हौसले और बुलंद होंगे। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है कि क्या सिर्फ बयानबाजी होगी या आरोपियों पर कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।



