अनुराग तिवारी
मॉल, लखनऊ। मॉल थाना क्षेत्र के नवीपनह गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की सेफ्टी टैंक में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले एक मजदूर टैंक में उतरा था, काफी देर तक बाहर न आने पर दूसरा मजदूर उसे बचाने के लिए नीचे उतरा, लेकिन वह भी अंदर फंस गया।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान रिंकू और राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस भरने के कारण दोनों बेहोश हो गए थे।दोनों मजदूरों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



