लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि युवा देश की प्रगति का प्रमुख आधार हैं और वे देश के भविष्य को दिशा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। केंद्र सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है।उत्तर प्रदेश विधानसभा में मेरा भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद 2026” के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले तीन दिनों में युवाओं ने गंभीरता और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ विभिन्न विषयों पर मंथन किया है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 370 युवाओं का एक मंच पर एकत्र होकर राष्ट्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करना यह दर्शाता है कि भारत का युवा जागरूक, सक्रिय और जिम्मेदार है। ऐसे आयोजनों का देशभर में होना इस अभियान को राष्ट्रीय जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर रहा है।डॉ. शर्मा ने MY Bharat एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बजट युवाओं की आकांक्षाओं और सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत प्रयास है।उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने, युवा उद्यमिता और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा ABC Labs के माध्यम से नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही Orange Economy के जरिए रचनात्मक क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।डॉ. शर्मा ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के बजट में 34 प्रतिशत की वृद्धि यह दर्शाती है कि सरकार युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी मानती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं के सुझाव सुनने को ऐतिहासिक पहल बताया।उन्होंने कहा कि यहां से चयनित शीर्ष तीन विजेता उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की विकसित भारत युवा संसद में भाग लेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यमिता, स्वच्छता एवं खेल जैसे विषयों पर आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर विधायक नीरज बोरा, विधायक शशांक वर्मा, विधायक सुरभि, प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे, राज्य निदेशक मेरा भारत गोपेश पाण्डेय, क्षेत्रीय निदेशक अनिल सिंह, उप निदेशक विकास सिंह तथा डिप्टी मार्शल मनमोहन पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लखनऊ केसरी से ओम की रिपोर्ट



