विनय मिश्रा
मलिहाबाद, लखनऊ।
लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ढेड़ेमऊ गांव में सोमवार सुबह शराब के ठेके पर मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब न मिलने से नाराज एक युवक ने ठेके के सेल्समैन की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे आरोपी ननक्के कश्यप (35) शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचा। उस समय दुकान खुली नहीं थी। ठेके पर मौजूद सेल्समैन अजय जायसवाल (43) ने दुकान बंद होने का हवाला देते हुए शराब देने से मना कर दिया। इसी बात से गुस्साए ननक्के ने पास में पड़ी लोहे की रॉड उठाकर अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रज्जन नामक युवक को भी आरोपी ने पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची मलिहाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में शराब की दुकानों पर नियम विरुद्ध देर रात तक शराब बेची जाती है, लेकिन सुबह शराब न मिलने पर यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



