विनय मिश्रा
लखनऊ ,मानसून की पहली जोरदार बारिश ने निगोहां विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते निगोहां विद्युत सबस्टेशन से जुड़े कई फीडरों में एक साथ फाल्ट आ गया, जिससे निगोहां कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों के करीब पन्द्रह हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरे दिन बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि देर रात तक कई इलाकों में अंधेरा पसरा रहा।जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सात बजे बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन शाम करीब चार बजे तेज हवा और मूसलाधार बारिश के साथ एक बार फिर कई फीडरों में ब्रेकडाउन हो गया। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई और उपभोक्ताओं को देर रात तक बिजली का इंतजार करना पड़ा।बिजली न रहने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में रात गुजारनी पड़ी। वहीं बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। अधिकांश घरों में मोटर नहीं चल सकी, जिससे पानी की व्यवस्था प्रभावित रही। कस्बे के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, छोटे उद्योगों और सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। दुकानदारों को कारोबार में नुकसान उठाना पड़ा, जबकि ऑनलाइन कार्य और बैंकिंग सेवाएं भी बाधित रहीं।हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा से मदा खेड़ा तिराहे तक लगी स्ट्रीट लाइटें पूरी रात बंद रहीं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले छोटे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंधेरे के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।शनिवार को भी क्षेत्र के कई हिस्सों में बिजली की आवाजाही जारी रही। कहीं फाल्ट तो कहीं पेड़ों की डालियां लाइन पर आने के कारण आपूर्ति बाधित होती रही। इससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात शुरू होते ही विद्युत व्यवस्था चरमरा जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।इस संबंध में अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को तेज हवा और बारिश के कारण कई फीडरों में फाल्ट आ गया था। विभागीय कर्मचारियों ने लगातार पेट्रोलिंग कर खराबी दूर की और देर रात अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी कुछ स्थानों पर पेड़ों की कटाई और लाइन दुरुस्ती का कार्य किए जाने के कारण आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। विभाग की टीम पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में लगी हुई है।



