गोसाईगंज। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गोसाईगंज नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल मिश्रा ने स्थानीय पशु चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल मिश्रा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को अधिक हरित और प्रदूषणमुक्त बनाया जा सके।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के प्रतिनिधि, पशु चिकित्सालय के कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह पौधरोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



